• trending-title
  • 40 साल पहले स्पेस में पहुंचे राकेश शर्मा के बाद,अब उद्यमी गोपीचंद तोठाकुरा ने की स्पेस की सैर ; बेजोस की स्पेस कंपनी ब्लू ऑरिजिन ने नए मिशन को पूरा किया...
  • Monday, May 20, 2024

सिंधिया पर जयवर्धन सिंह का तंज: बोले - शिवराज, महाराज, नाराज भाजपा में बंट गई BJP

by NewsDesk - 25 Aug 21 | 148

ग्वालियर ग्वालियर में राघोगढ़ विधायक और पूर्वमंत्री जयवर्धन सिंह ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि जब से सिंधिया भाजपा में आए हैं, BJP तीन भागों में बंट गई है। एक है-शिवराज भाजपा, उसके बाद – महाराज भाजपा और तीसरी है- नाराज भाजपा। आप सब खुद ही देख रहे हैं कि सिंधिया के जाने से कांग्रेस में गुटबाजी खत्म हो गई है और भाजपा में बढ़ गई है। ग्वालियर-चंबल में नरेन्द्र सिंह तोमर, वीडी शर्मा और सिंधिया के गुट हैं।
बुधवार सुबह ग्वालियर में प्रदेश सरकार में पूर्वमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के पुत्र जयवर्धन सिंह ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और भाजपा पर तीखे प्रहार किए हैं। राघोगढ़ घराने के जयवर्धन सिंह मुरैना में शहीदों के कार्यक्रम में भाग लेने के बाद लौट रहे थे। इस दौरान उन्होंने ग्वालियर में कई कांग्रेस नेताओं के घर पहुंचकर मुलाकात की है। कांग्रेस नेता अशोक सिंह के घर पर पत्रकारों से भी चर्चा की। जयवर्धन सिंह वैक्सीनेशन पर बोले कि विस्तृत कार्यक्रम बनाना चाहिए। भाजपा को कांग्रेस से सीखना चाहिए कि जिस तरह से कांग्रेस ने पोलियाे अभियान चलाया था उसी तर्ज पर वैक्सीनेशन को बढ़ाना चाहिए। गांव-गांव में वैक्सीन लगाने पर जोर देना चाहिए। जिस गति से वैक्सीनेशन चल रहा है मुझे नहीं लगता इस साल यह पूरा हो पाएगा। जब पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह से पूछा गया कि सिंधिया के जाने के बाद प्रदेश और विशेषकर ग्वालियर-चंबल अंचल में युवा विकल्प के रूप में आप खुद को देखते हैं तो उनका कहना था कि ग्वालियर- चंबल अंचल में लाखन सिंह, डॉ. गोविंद सिंह, केपी सिंह जैसे बड़े नेता हैं। मैं खुद भी ग्वालियर-चंबल संभाग से हूं। जब भी आवश्यकता होगी और पार्टी जो भी जिम्मेदारी देगी, मैं हर तरह से जनता की सेवा के लिए तैयार हूं।
पूर्वमंत्री जयवर्धन सिंह से जब OBC आरक्षण पर मचे बवाल पर सवाल किया गया तो उनका कहना था कि जब कमल नाथ मुख्यमंत्री थे तब कांग्रेस ने तय किया था कि OBC को 27 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा। पर जैसे ही सरकार बदली नई सरकार ने कोर्ट में जवाब पेश किया कि जो 13 से 14 प्रतिशत अतिरिक्त आरक्षण होना है यह अभी संभव नहीं है। कह सकते हैं कहीं न कहीं भाजपा सरकार ने ही प्रदेश के OBC वर्ग के साथ बहुत बड़ा धोखा किया है।ग्वालियर में बाढ़ प्रभावित लोगों पर बोले कि यहां बाढ़ प्रभावित लोग भूख से बेहाल हैं। आर्थिक मदद नहीं पहुंची है और भाजपा अन्न उत्सव मना रही है। बैग पर अपने फोटो छपवाए जा रहे हैं। कांग्रेस ने कभी इस तरह का प्रचार नहीं किया। पर असरदार तरीके से कई अभियान चलाए। भाजपा और प्रधानमंत्री जी को कांग्रेस से सीखना चाहिए। इस अवसर पर उनके साथ पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह, विधायक लाखन सिंह, कांग्रेस शहर अध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा, कांग्रेस नेता अशोक सिंह उपस्थित रहे।


Updates

+