• trending-title
  • शिप्रा में गंदगी मिलने की आरोपों के चलते CM मोहन यादव ने किया स्नान
  • Thursday, May 02, 2024

बालाघाट जिले के एक मतदान केंद्र पर सुबह 9:00 तक हो गई 100 फीसदी वोटिंग

by NewsDesk - 19 Apr 24 | 37

अभी तक मंडला में सबसे ज्यादा, सीधी में कम वोटिंग...

भोपाल। नमस्कार! मध्य प्रदेश लोकसभा चुनाव के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। प्रदेश चरण में आज छह सीटों पर मतदान है। सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। कई जगह ईवीएम मशीन में गड़बड़ी की खबर है। यहां, पढ़िए पल-पल की अपडेट...।

100 फीसदी मतदान

 

बालाघाट जिले में अति नक्सल प्रभावित दुगलाई थाना रूपझर मतदान केंद्र में 100 फीसदी वोटिंग हो गई। बालाघाट एसपी के अनुसार सुबह 9:00 तक सभी वोट पड़ गए। 

 

विदाई से पहले दुल्हन ने किया मतदान

 

मंडला लोकसभा अंतर्गत आशारानी सिंगरोरै ने अपनी विदाई से पहले ग्राम मेली, नारायणगंज के मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया। उन्होंने बेहतर सरकार चुनने में अपनी जिम्मेदारी निभाई।

 

सुबह नौ बजे तक मतदान

 

मप्र की छह सीटों पर सुबह नौ बजे तक 14.12 प्रतिशत मतदान हुआ। मंडला सीट पर सबसे ज्यदा 16.30 फीसदी मतदान हुआ तो सीधी में सबसे कम 11.93 प्रतिशत वोट पड़े। 

 

इस सीट पर इतना मतदान 

 

बालाघाट: 14.39  फीसदी 

 

छिंदवाड़ा: 15.50 फीसदी

 

जबलपुर: 13.50 फीसदी

 

मंडला: 16.30 फीसदी

 

शहडोल: 13.07 फीसदी

 

सीधी: 11.93 फीसदी

 

कांग्रेस के पंजे वाली थैली मिली

 

छिंदवाड़ा में एक पोलिंग बूथ पर कांग्रेस के हाथ के पंजे के निशान वाली थैली मिली। जिसे वहां मौजूद पुलिसकर्मी ने जांच के बाद जब्त कर लिया। यह थैली यहां कहां से आई इस बारे में अब तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है। 

 

प्रथम चरण की छह सीटें पर प्रत्याशी

 

संसदीय क्षेत्र कुल अभ्यर्थी 

 

सीधी    17

 

शहडोल 10

 

जबलपुर 19

 

मंडला 14

 

बालाघाट 13

 

छिंदवाड़ा 15

 

मंत्री ने किया मतदान 

 

मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार में पीएचई मंत्री संपतिया उईके ने भी मतदान किया। उन्होंने मंडला में वोट डाला। इस दौरान वे आम मतदाताओं की तरह लाइन में लगी नजर आईं। 

 

ईवीएम में खराबी, लगी लाइन

 

बालाघाट जिले में नक्सल प्रभावित क्षेत्र में एक पोलिंग बूथ पर ईवीएम में खराब हो गई। बताया जा रहा है कि 10 वोट डलने के बाद ईवीएम में खराबी आई है। पोलिंग बूथ के बाहर मतदाताओं की कतार लगी है, जो वोट डालने के लिए अपना इंतजार कर रहे हैं। इसी तरह जबलपुर जिले के आर्य कन्या शाला में बने पोलिंग बूथ की ईवीएम में भी खराबी आई है।  

 

ग्रामीणों ने नहीं किया मतदान

 

शहडोल जिले की ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र के बूचरो में लोगों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया है। लोगों का कहना है कि आए दिन गांव में बाघ का मूवमेंट रहता है, जिससे लोगों की जान को खतरा बना रहता है। ग्रामीण विरोध कर प्रशासन से तार फिनिशिंग करने की कई बार मांग की। लेकिन, उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया गया। जिससे आए दिन बाघ और जंगली जानवर गांव के अंदर आ जाते हैं। वे हमला कर लोगों को घायल कर देते हैं और कई बार जान तक ले लेते हैं। जिससे परेशान ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया है। यहां 1354 मतदाता हैं, अभी तक एक ने भी मतदान नहीं किया है।

 

कमलनाथ ने बेटे और बहू संग डाला वोट 

 

प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ मतदान करने से पहले बेटे और कांग्रेस प्रत्याशी नकुलनाथ और बहू प्रिया नाथ के साथ मंदिर पहुंचे। जहां पूजा-अर्चना करने के बाद वे मतदान केंद्र पहुंचे और फिर मतदान किया।  

 

भाजपा प्रत्याशी ने किया मतदान 

 

सीधी में भाजपा प्रत्याशी डॉ. राजेश मिश्रा ने मतदान किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पहली बार प्रत्याशी के तौर में मुझे खुद को वोट करने का मौका मिला। इसके लिए में भाजपा नेतृत्व और जनता का आभार जताता हूं। 

 

ईवीएम का बटन नहीं दबा 

 

प्रदेश की सभी छह सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। मतदाताओं के स्वागत के लिए मतदान केंद्रों को गुब्बारे लगाकर और कारपेट बिछाकर सजाया गया है। वोट डालने के लिए लोग सुबह से ही बाहर निकले हैं। जबलपुर में मतदान केंद्र क्रमांक 94 पर ईवीएम का बटन नहीं दबने की समस्या सामने आई, बाद में उसे ठीक कर लिया गया। 

 

मतदाताओं के लिए कारपेट

 

चुनाव आयोग अधिक से अधिक मतदान कराने के लिए लगातार प्रयास करता है। इसके लिए लोगों को मतदान करने जागरुक किया जाता है। इसी तरह छिंदवाड़ा के जुन्नारदेव में मतदान केंद्र के बाहर बलून लगाकर उसे सजाया और मतदाताओं के लिए कारपेट भी बिछाया गया है।

 

1 करोड़ 13 लाख से ज्यादा मतदाता 

 

प्रथम चरण में 1 करोड़ 13 लाख 9 हजार 636 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। इसमें 57 लाख 20 हजार 780 पुरुष, 55 लाख 88 हजार 669 महिला और 187 थर्ड जेंडर वोटर है।

 

20 से 29 साल के बीच के 26 लाख मतदाता 

 

प्रथम चरण के कुल मतदाता में 20 से 29 साल के मतदाताओं की संख्या 26 लाख 54 हजार 434 है। वहीं, 18 से 19 साल के मतदाताओं की संख्या 3 लाख 44 हजार 244 है। इसके अलावा 100 साल से अधिक उम्र के 771 और 85 साल से अधिक उम्र के  46 हजार 463 मतदाता है। सेवा मतदाताओं की संख्या 10 हजार 522, अप्रवासी मतदाता 31 और दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 1 लाख 42 हजार 10 है। 

 

Updates

+