• trending-title
  • मोदी सरकार बनते ही आतंकवादियों का हुआ खात्मा: मोहन यादव
  • Tuesday, May 21, 2024

गजल गायक पंकज उधास ने 72 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

by NewsDesk - 27 Feb 24 | 194

मुंबई । मशहूर गजल गायक पंकज उधास का सोमवार को 72 साल की उम्र में मुंबई में निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उनके परिवार ने ट्वीट कर उनके निधन की जानकारी दी। परिवार ने बयान में कहा, बहुत भारी मन से, हम आपको लंबी बीमारी के कारण 26 फरवरी, 2024 को पद्मश्री पंकज उधास के दुखद निधन के बारे में सूचित करते हुए दुखी हैं।

पंकज उधास पिछले कुछ समय से मुंबई के ब्रीच क्रैंडी अस्पताल में भर्ती थे, जहां सोमवार सुबह करीब 11 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। पंकज उधास का अंतिम संस्कार मंगलवार को किया जाएगा।

पंकज उधास के निधन पर गायक सोनू निगम उनकी मौत पर प्रतिक्रिया देकर लिखा, मेरे बचपन का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा आज खो गया है। पंकज उधास जी, मैं आपको हमेशा याद करूंगा। यह जानकर मेरा दिल रोता है कि आप नहीं रहे। जीवन का हिस्सा होने के लिए आपका शुक्रिया। शांति।

पंकज उधास का जन्म 17 मई 1951 को गुजरात के जेतपुर में हुआ था। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1980 में ‘आहट’ नाम से एक ग़जल एल्बम जारी करके की। जल्द ही, वह भारत में गजल संगीत का पर्याय बन गए। बॉलीवुड में, गजल गायक ने फिल्म ‘नाम’ के लिए लोकप्रिय ट्रैक ‘चिट्ठी आई है’ गाया था। यह गाना बहुत लोकप्रिय हुआ और इस गाने ने सभी को रुला दिया था। पंकज उधास को भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार, पद्म श्री से भी सम्मानित किया जा चुका है। पंकज ने 1982 में फरीदा उधास से शादी की और उनकी एक बेटी रेवा उधास और एक बेटे नायाब उधास हैं।

Updates

+