• trending-title
  • उत्तराखण्ड के जंगलों में लगी आग, पहाड़ी इलाकों में डरावने हालात
  • Monday, May 20, 2024

पार्टी जो तय करेगी, वह काम करूंगा’, BJP अध्यक्ष नड्डा से मुलाकात के बाद आया Shivraj का बयान

by NewsDesk - 20 Dec 23 | 164

भोपाल। मध्य प्रदेश में तीन दिसंबर को 230 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा ने 163 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया। 11 दिसंबर को विधायक दल की बैठक में मोहन यादव को नेता चुना गया और उन्होंने दो उपमुख्यमंत्रियों- राजेंद्र शुक्ला और जगदीश देवड़ा के साथ शपथ लेकर काम भी शुरू कर दिया है। अब तक पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज के भविष्य को लेकर तमाम अटकलें लग रही थी।

 

2018 में जब भाजपा को चुनावों में हार मिली थी तब शिवराज को पार्टी का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाकर सदस्यता अभियान का प्रभार सौंपा गया था। इस बार भी चर्चा है कि उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है। इसके अलावा यह भी चर्चा है कि शिवराज को केंद्रीय कृषि मंत्री बनाया जा सकता है। उनके नेतृत्व में मध्य प्रदेश ने कृषि में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। इसके अलावा पूर्व कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर अब मध्य प्रदेश विधानसभा के सदस्य बन चुके हैं और विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी उठाने वाले हैं।

 

शिवराज बोले- जो भी पार्टी तय करेगी, वह करूंगा

 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में शिवराज ने कहा कि कार्यकर्ता के नाते मेरे लिए पार्टी जो भी भूमिका तय करेगी, वह काम मैं करूंगा। जब पूछा गया कि क्या केंद्र की राजनीति करेंगे? इस पर शिवराज ने कहा कि हम राज्य में रहेंगे और केंद्र में भी। मैं अपने बारे में नहीं सोचता। जो अपने बारे में सोचता है, वह अच्छा इंसान नहीं होता। विकसित भारत संकल्प यात्रा में जो भी भूमिका पार्टी तय करेगी, वह काम करूंगा। अगर आप एक बड़े मिशन के लिए काम करते हो तो पार्टी ही तय करती है कि आप क्या काम करेंगे।

 

भविष्य से जुड़े हर सवाल पर दिया एक ही जवाब

शिवराज से पत्रकारों ने कई सवाल पूछे। भविष्य में क्या करेंगे, इससे जुड़े हर प्रश्न पर उनका सधा हुआ जवाब था कि जो पार्टी तय करेगी, वह करूंगा। विकसित भारत संकल्प यात्रा में क्या भूमिका रहेगी, इस पर शिवराज बोले कि जो पार्टी तय करेगी, वह निभाएंगे। अभी कुछ जगहों पर मुझे जाने को कहा गया है। मैं दक्षिण के राज्यों में जाऊंगा। इस पर उनसे पूछा गया कि क्या दक्षिण के राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है? शिवराज बोले- कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई है।

 

मध्य प्रदेश के मंत्रिमंडल पर फैसला पार्टी लेगी

 

शिवराज से पूछा गया कि क्या मोहन यादव की सरकार में नए चेहरे शामिल होंगे? इस पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जो पार्टी तय करेगी, वह होगा। सलाह-मशविरा जो होना था, वह हो गया है। भोपाल में आज भाजपा विधायक दल की पहली बैठक है। मेरा पहली बैठक में मौजूद रहना आवश्यक है। मैं आज वापस जाऊंगा और फिर वापस आऊंगा और आपसे बार-बार मिलता रहूंगा।

Updates

+