• trending-title
  • ऋचा का कातिलाना अंदाज और पोज़ बहुत पसंद आया फैंस को
  • Saturday, Sep 28, 2024

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की दौड़ में वसुंधरा एवं शिवराज आगे

by NewsDesk - 28 Sep 24 | 9

- संघ लगाना चाह रही है मोदी-शाह पर लगाम

- संजय जोशी का नाम पर सहमति नहीं

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम पर एक बार फिर चौंकाने वाला परिणाम देने की तैयारी में दिख रही है। ऐसे में यदि संघ की चलती है तो वसुंधरा राजे सिंधिया बीजेपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगी। वैसे पार्टी आलाकमान वसुंधरा राजे और शिवराज सिंह चौहान के नामों को आगे कर विचार करने में लगे हुए हैं। वहीं संघ अब चाह रहा है कि मोदी और शाह पर लगाम कसी जाए और पार्टी के सभी लोग जिस नाम पर मोहर लगाएं उसे ही पार्टी अध्यक्ष बनाया जाए। इसे लेकर पार्टी और संघ में तनातनी की स्थिति बनी हुई है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर चहुंओर चर्चाओं का दौर शुरु हो गया है। यहां पार्टी के शीर्ष सूत्रों की मानें तो पार्टी आलाकमान राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने पर गंभीरता के साथ विचार कर रहे हैं। वहीं पार्टी नेतृत्व मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाना चाह रहा है। इससे हटकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से पहले ही संजय जोशी का नाम अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित किया जा चुका था, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह उनके नाम पर सहमत होते नहीं दिखे हैं। मोदी और शाह की पहली पसंद शिवराज सिंह चौहान बन गए हैं, संघ की पसंद वसुंधरा राजे का नाम है। ऐसे में संघ नहीं चाहता कि अध्यक्ष पद को लेकर किसी तरह खींचतान हो या फिर विवाद उत्पन्न हो, इसलिए संघ ने इशारा कर दिया है कि पार्टी के सभी लोग जिसे चाहें उसे ही पार्टी अध्यक्ष बनाया जाएगा।

लोकसभा चुनाव 2024 में पार्टी के प्रदर्शन को देखते हुए माना जा रहा है कि भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष अब संघ की पसंद का ही होगा। इससे पार्टी में संघ का वर्चस्व बनाने में मदद मिलेगी। भाजपा के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में वर्तमान नेतृत्व के खिलाफ जो नाराजगी है, संघ उस नाराजगी को दूर करके पार्टी को एकजुट बनाने की दिशा में काम कर रही है। संघ के फार्मूले पर यदि पार्टी अध्यक्ष का चुनाव होता है तो संजय जोशी या वसंधरा राजे ही अगले अध्यक्ष हो सकते हैं, यदि मौजूदा पार्टी नेतृत्व की चली तो शिवराज सिंह के नाम पर सहमति बनेगी, जो आगे भी तनातनी का कारण बनेगा। वैसे वसुंधरा राजे पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रही हैं।

नए अध्यक्ष के नेतृत्व में ही होगा महाराष्ट्र-झारखंड चुनाव

भारतीय जनता पार्टी के नये राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में ही पार्टी महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव लड़ने की रणनीति पर कार्य कर रही है। ऐसे में जो भी अध्यक्ष बनता है, उसकी एक बड़ी जिम्मेदारी होगी दोनों ही राज्यों में पार्टी को बड़ी जीत दिलवाना। सूत्रों की मानें तो अगले महीने में ही चुनाव आयोग महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव घोषित कर सकता है, ऐसे में पार्टी के नये अध्यक्ष के लिए यह चुनौतीपूर्ण चुनाव नहीं होगा। समय कम होगा, और सभी को साधना कोई आसान बात नहीं होगी।

Updates

+